लक्सर अधिवक्ता संघ को मिला नया नेतृत्व, जिला जज नरेंद्र दत्त ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
लक्सर अधिवक्ता संघ को मिला नया नेतृत्व, जिला जज नरेंद्र दत्त ने दिलाई शपथ


लक्सर अधिवक्ता संघ को मिला नया नेतृत्व, जिला जज नरेंद्र दत्त ने दिलाई शपथ


हरिद्वार, 10 जुलाई (हि.स.)। लक्सर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आज चंदन पैलेस में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने अध्यक्ष, सचिव सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

जिला जज नरेंद्र दत्त ने कहा कि न्याय व्यवस्था की सफलता बार और बेंच के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं, लेकिन संवाद, संयम और सकारात्मक सोच से हर विवाद का समाधान संभव है।

उन्होंने कहा कि लक्सर न्यायालय में तीसरी बार अधिवक्ता संघ का गठन हुआ है, इसलिए नई कार्यकारिणी की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगी।

समारोह में चौधरी सेठपाल सिंह ने अध्यक्ष व ऋषिपाल सिंह चौहान ने सचिव पद के साथ अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष चौधरी सेठपाल सिंह ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी साथियों को साथ लेकर अधिवक्ता संघ के सम्मान, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। वहीं सचिव ऋषिपाल सिंह चौहान ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का भरोसा दिलाया। पूर्व अध्यक्ष विकास पंवार और संरक्षक ज्ञानेश्वर ठकराल ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story