व्यास घाटी में 24 से 26 अक्टूबर तक होगी ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन’
पिथौरागढ़, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में 24 से 26 अक्टूबर तक ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। 10 हजार से 15 हजार फीट की ऊंचाई पर होने वाली इस हाई-एल्टीट्यूड मैराथन में देश-विदेश के करीब एक हजार धावकों के भाग लेने की संभावना है।
पर्यटन सहायक निदेशक अतुल भंडारी ने बताया कि पर्यटन विभाग सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजन का दूसरा संस्करण करा रहा है। इसका मुख्य केंद्र और बेस कैंप गुंजी गांव में बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन 24 अक्टूबर को जोलिंगकोंग से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। इसी दिन 42 किलोमीटर फुल मैराथन भी होगी। 25 अक्टूबर को 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर रन का आयोजन होगा। ये सभी दौड़ गुंजी से शुरू होकर कुटी की ओर जाएंगी और वापस गुंजी में समाप्त होंगी। 26 अक्टूबर को माउंटेन टेरेन बाइकिंग (एमटीबी) होगी।
भंडारी के अनुसार, दौड़ के प्रतिभागी गुंजी, नाबी, कुटी और जोलिंगकोंग सहित सामरिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत क्षेत्रों से गुजरेंगे। समुद्र तल से 10 हजार से 15 हजार फीट की ऊंचाई और बर्फीले व चुनौतीपूर्ण भू-भाग में होने के कारण यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए साहस और क्षमता की परीक्षा भी होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोजन के माध्यम से आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने लाने तथा सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

