होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान, चार नमूने जांच को भेजे

WhatsApp Channel Join Now
होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान, चार नमूने जांच को भेजे


चंपावत, 21 फ़रवरी (हि.स.)। होली पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नगर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने किया।

निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों और किराना स्टोरों की गुणवत्ता जांच की गई। टीम ने विशेष रूप से गुजिया, खोया, मैदा, खाद्य तेल और रंगीन मिष्ठान उत्पादों की जांच की। संदिग्ध पाए गए चार नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, वैध लाइसेंस प्रदर्शित करने और एक्सपायरी तिथि वाले उत्पाद न बेचने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की कि बिना बिल के खाद्य पदार्थ न खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत तुरंत विभाग को दें।

विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story