धान फसल कटाई प्रयोग का अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के मिश्रा ने शनिवार को तहसील सदर के राजस्व ग्राम आर्केडियाग्रांट में धान की फसल कटाई प्रयोग (सीसीई) का निरीक्षण किया। इस दौरान 43.30 वर्गमीटर के त्रिभुजाकार प्लॉट में 17.12 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। प्रयोग के आंकड़ों को मौके पर ही जीसीईएस ऐप के माध्यम से भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया गया।
फसल कटाई प्रयोग के लिए राजस्व उपनिरीक्षक ने यादृच्छिक (रैंडम) विधि से काश्तकार रवि कुमार वर्मा के खेत का चयन किया था। काश्तकार ने खेत में कस्तूरी बासमती धान की किस्म लगाई थी। निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्लॉट में फसल की कटाई कर उपज का आकलन किया गया और प्राप्त आंकड़ों को ऑनलाइन दर्ज किया गया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने काश्तकार की फार्मर रजिस्ट्री भी सेल्फ मोड में तैयार करवाई। उन्होंने काश्तकार को फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
फसल कटाई प्रयोग के आंकड़ों का उपयोग किसी क्षेत्र में फसलों की वास्तविक उपज और औसत पैदावार का आकलन करने के लिए किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाले मुआवजे का निर्धारण करने में मदद मिलती है। इसके अलावा राज्य में फसलवार उत्पादन का आकलन, खाद्य सुरक्षा की योजना तैयार करने और कृषि नीतियों के निर्धारण में भी इनका उपयोग किया जाता है।
जनपद में धान की फसल के कुल 260 फसल कटाई प्रयोग नियोजित किए गए हैं। इनमें से 130 प्रयोग चयनित राजस्व ग्रामों में राजस्व उपनिरीक्षकों द्वारा पूरे कर उनके आंकड़े भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।
फसल कटाई प्रयोग के आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद और तहसील स्तर पर राजस्व, कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य फसल उत्पादन से जुड़े आंकड़ों की विश्वसनीयता और सटीकता सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

