रात्रि चेकिंग में परिवहन विभाग की कार्रवाई, 551 मुकदमें दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
रात्रि चेकिंग में परिवहन विभाग की कार्रवाई, 551 मुकदमें दर्ज


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। परिवहन सचिव रविनाथ रमन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने 20 अगस्त की रात जनपद में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चार प्रवर्तन दलों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक वाहनों की जांच की।

अभियान में दो विशेष टास्क फोर्स, इंटरसेप्टर वाहन दल और प्रवर्तन टीम शामिल रही। टीमों ने यात्री, माल वाहनों, दोपहिया और व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की।

इस दौरान कुल 551 अभियोग दर्ज किए गए। एक ही वाहन में कई उल्लंघन मिलने पर अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई।

सबसे अधिक बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के 174 मामले सामने आए। इसके अलावा गलत लेन में वाहन संचालन के 49, वाहन कर एवं रसीद संबंधी 48 तथा वाहन में अनधिकृत परिवर्तन के 17 अभियोग दर्ज हुए।

अभियान में माल वाहनों में बॉडी से बाहर निकले असुरक्षित भार और गलत तरीके से बांधकर परिवहन पर भी कार्रवाई हुई।

चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों की पड़ताल की गई। बिना वैध पंजीयन, परमिट, फिटनेस, बीमा और पीयूसी के संचालित वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई हुई।

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि रात में शराब पीकर वाहन चलाना, गलत लेन में संचालन, ओवरलोडिंग और बिना दस्तावेज वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। रोकथाम के लिए लगातार अभियान चल रहा है।

विभाग ने वाहन चालकों से वैध दस्तावेज रखने, मानक हेलमेट पहनने, लेन और गति सीमा का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। कहा कि रात्रिकालीन औचक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story