सड़कों के निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सड़कों के निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई


नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी विधानसभा की स्वीकृत, निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन भूमि हस्तांतरण, प्रतिकर भुगतान, अलाइनमेंट विवाद सहित अन्य समस्याओं को दूर कर सड़कें बनाना सुनिश्चित करें। कहा कि विवादों के निस्तारण में जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लें।

शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक किशोर ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। कहा कि सीएम धामी ने सभी सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाने को कहा है।

लोनिवि के अधीक्षण अभियंता केएस नेगी ने बताया कि बैठक में डंडासली गांव के लिए सड़क निर्माण, चवालखेत सड़क के अंतिम भाग का चौड़ीकरण, चंबा बाइपास मार्ग का डामरीकरण, भेटुड़ी-चंबा नवनिर्माण, बुडोगी मिसिंग लिंक, चंबा-अंधियारगढ़ी मोटर मार्ग, सुरसिंगधार-ग्वाड़-पस्सी पर चर्चा हुई। विधायक ने चंबा ब्लॉक रोड़ को पक्का करने, सौंदकोटी मार्ग पर आपदा से क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण, चंबा के वार्ड 1 सुमन कालोनी में सड़क को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। वहीं प्रांतीय खंड के अधीन कफलना से अंद्रेठी, पिपोला-भटकंडा नव निर्माण कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए। विधायक किशोर ने छमुंड सड़क सुधारीकरण, जाख-जसपुर-कुट्ठा मोटर मार्ग को एसडीएआरफ के तहत आगणन तैयार करने, कोंड से डिबनू हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज मिसिंग लिंक मार्ग को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि नगर क्षेत्र में लोनिवि के अधीन सड़को को भी तत्काल ठीक करें।

वहीं चंबा में बीआरओ को एनएच को ठीक करने के लिए पत्राचार के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि बहाने बनाकर कार्य लटकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लोनिवि के एसई ने विभागीय अधिकारियों को बैठक में दिए निर्देशों पर कार्रवाई करने को कहा।

फोटो-09एनटीएच02

नई टिहरी में अधिकारियों की बैठक लेते विधायक किशोर उपाध्याय।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story