नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 सितंबर (हि.स.)। कनखल कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग को विश्वास में लेकर उसके साथ दुष्कर्म करने, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और एक लाख रुपये वसूलने के आरोप में वांछित युवक ने पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को पीड़िता की मां ने कनखल कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था कि युवक ने नाबालिग से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लिया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी और नाबालिग को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, डर के कारण नाबालिग ने आरोपी को करीब एक लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की पैसों की मांग जारी रही। शिकायत मिलने के बाद कनखल कोतवाली में पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद कनखल पुलिस की टीम ने आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली और हरिद्वार समेत कई स्थानों पर ठिकाने बदलता रहा। पुलिस की लगातार दबिश और तलाश के चलते खुद को घिरता देख आरोपित आखिरकार कनखल कोतवाली पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसका चालान कर दिया है।
आरोपित की पहचान गौरव कुमार पुत्र धनपाल निवासी बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जनपद बरेली, हाल निवासी सगरावाला, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

