नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान अंकुश पुत्र राधेलाल निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वादी ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए अंकुश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में सात अक्तूबर को कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में दुष्कर्म का आरोप भी सामने आया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को आरोपी की गिरफ्तारी और बालिका की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

लगातार प्रयासों के बाद 11 अक्तूबर को पुलिस ने आरोपी अंकुश को कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में सालियर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story