हैप्पी हत्याकांड का एक और मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हैप्पी हत्याकांड का एक और मुख्य आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 29 सितंबर (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपित को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतिरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस ने एक आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित इस्तकार उर्फ इस्तयाक फतेहपुर थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर बहादराबाद पुलिस टीम ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, इस्तकार को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने पुलिस को उसके संबंध में मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने हत्या की योजना बनाई। आरोपितों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, निवासी ग्राम शांतरशाह, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story