बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, प्रधान पति पर भी हमला

WhatsApp Channel Join Now
बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, प्रधान पति पर भी हमला


हरिद्वार, 20 अगस्त (हि.स.)। पांच वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के प्रयास और उसे बचाने पहुंचे ग्राम प्रधान के पति पर हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 18 अगस्त को उसकी पत्नी अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ पंचायत घर में एसआईआर का फॉर्म जमा करने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का अमन बच्ची को बहाने से स्कूल के पीछे ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया।

बच्ची के रोने और शोर मचाने पर ग्राम प्रधान के पति साजिद अली समेत एक महिला और एक अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास करने पर अमन ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित अमन निवासी बादशाहपुर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story