थॉम शो से लौट रहे भाई-बहन से मारपीट, किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आईआईटी रुड़की में शुक्रवार रात आयोजित थॉम शो से लौट रहे भाई-बहन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शो के दौरान कुछ युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। भाई ने विरोध किया तो युवकों ने उसे धमकी दी। बाद में होटल पोलरिस के समीप आरोपितों ने दोनों को रोककर मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी भाई के साथ आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम शो देखने गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने किशोरी के साथ अभद्रता की। भाई ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे देख लेने की धमकी दी।

आरोप है कि देर शाम आईआईटी परिसर से बाहर निकलने के बाद होटल पोलरिस के समीप युवकों ने भाई-बहन को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

किसी तरह दोनों वहां से बचकर निकले और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मारपीट में घायल किशोर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि किशोरी से युवकों द्वारा कुछ कहे जाने पर उसके भाई ने विरोध किया था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story