मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को बेचने की कोशिश का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को बेचने की कोशिश का आरोप


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तरी हरिद्वार की मुखिया गली स्थित मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को लेकर विवाद सामने आया है। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि राम ने आश्रम के एक व्यक्ति पर फर्जी ट्रस्ट बनाने, आश्रम को बेचने का सौदा करने और अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाया है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में भगत ऋषि राम ने बताया कि वर्ष 2021 में तत्कालीन अध्यक्ष एवं उनके गुरु अमरदेव महाराज ने उन्हें ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया था। काफी समय पहले अमरदेव महाराज साहिल उर्फ गोपाल हरि निवासी पटवा, रोहतक को आश्रम लेकर आए थे। उस समय वह बच्चा था। उसे शिष्य नहीं बनाया गया था, लेकिन आश्रम में रहने के कारण अमरदेव महाराज की मृत्यु के बाद उसे देखभाल के लिए दो कमरे दे दिए गए थे।

आरोप है कि गोपाल हरि ने आश्रम को बेचने की कोशिश शुरू कर दी और आश्रम के नाम से अलग फर्जी ट्रस्ट बना लिया। इसमें सात सदस्य बनाए गए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब कथित ट्रस्ट से जुड़े व्यक्ति का पड़ोसी हरीश से लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद हरीश ने उन्हें आश्रम से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने दावा किया कि आश्रम का करोड़ों रुपये में सौदा किया गया है और गोपाल हरि करीब 71 लाख रुपये बयाने के तौर पर ले चुका है। उनके पास साक्ष्य मौजूद हैं और गोपाल हरि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष राकेश सेठी और अशोक शर्मा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story