गिफ्ट सेंटर के गोदाम में भीषण आग, कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

WhatsApp Channel Join Now
गिफ्ट सेंटर के गोदाम में भीषण आग, कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू


हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। जपनद के रुड़की में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अंबर तालाब मोहल्ला क्षेत्र में स्थित एक गिफ्ट सेंटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। नेहरू स्टेडियम के पीछे स्थित विन्नी गिफ्ट सेंटर के गोदाम से पहले धुआं उठता हुआ दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें आसमान छूने लगीं।

गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे सजावटी और ज्वलनशील सामान के चलते आग तेजी से फैल गई और पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि दूर-दूर तक इसकी लपटें दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर और भगवानपुर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटों बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका गया।

आग रिहायशी इलाके में लगने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा। आग की लपटों और धुएं को देखकर स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story