बोलेरो ने मारी ई-रिक्शा को टक्कर, महिला की मौत
हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। सिडकुल थाना अंतर्गत जिला मुख्यालय रोशनाबाद क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मृत्यु हो गई।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक अजय शाह ने बताया कि रोशनाबाद स्थित सीएमओ कार्यालय के पास बोलेरो कार और ई-रिक्शा में टक्कर की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर से ई-रिक्शा बुरीतरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें सवार चालक समेत चार लोग घायल हो गए थे।सभी को तत्काल मेट्रो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दीपा निवासी देवपुरा चौक हरिद्वार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, ई-रिक्शा चालक सुधीर कुमार निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, शिवांशु निवासी देवपुरा चौक हरिद्वार, राधिका निवासी देवपुरा चौक हरिद्वार गंभीर रूप से घायल हैं। इनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

