चमोली में अलकनंदा में समाए ट्रक का नहीं चला पता, तीन लापता, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now

चमोली, 28 जून (हि.स.)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंचपुलिया के पास अलकनंदा नदी में गिरे ट्रक और उसमें सवार तीन लोगों का शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को भी खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 27 जून को अपराह्न करीब 2:52 बजे सूचना मिली थी कि कर्णप्रयाग तहसील के अंतर्गत पंचपुलिया से लगभग 200 मीटर आगे एक निजी ट्रक (यूके-11 सीए-2536) अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे के समय ट्रक में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जिनके नदी में बह जाने की आशंका है। प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के बाद से एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। शनिवार देर शाम तक ट्रक अथवा तीनों लापता लोगों का कोई पता नहीं चल सका। रविवार को भी रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

लापता लोगों की पहचान चालक गिरीश सिंह पुत्र करण सिंह निवासी गडसूं, थाना नंदानगर तथा उम्मेद पुत्र याकूब और अब्दुलनाम, दोनों निवासी अफजलगढ़, के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story