हरिद्वार हाईवे पर सड़क दुर्घटना में युवा चिकित्सक की मौत
हरिद्वार, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक युवा चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर गहरे सदमे में हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,बिहार निवासी 25 वर्षीय डॉ.ऋतुराज रुड़की स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी से बीएमएएस की पढ़ाई कर रहे थे और बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में छह माह की इंटर्नशिप कर रहे थे। गुरुवार सुबह वे स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। उनके साथ महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या भी मौजूद थीं।
इसी दौरान दिल्ली नंबर के एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ.ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या हादसे के बाद गहरे सदमे में चली गईं। सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि डॉ. ऋतुराज प्रशिक्षण के तहत अस्पताल में कार्यरत थे और नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
पुलिस के अनुसार,हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बहादराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

