आईएएफटी की छात्राओं के डिजाइन किए परिधान टोक्यो में होंगे प्रदर्शित

WhatsApp Channel Join Now
आईएएफटी की छात्राओं के डिजाइन किए परिधान टोक्यो में होंगे प्रदर्शित


हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की संस्कृति और भारतीय परिधानों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में इंटरनेशनल अकादमी ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (आईएएफटी), हरिद्वार की छात्राओं की ओर से तैयार किए गए परिधान आगामी 24 जुलाई को जापान की राजधानी टोक्यो में प्रदर्शित किए जाएंगे।

संस्थान की ओर से शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के अंतिम सत्र के दौरान छात्राओं ने ऑर्गेनिक कॉटन, हर्बल रंगों और विभिन्न एक्सेसरीज का उपयोग कर विशेष परिधान तैयार किए हैं। ड्रेस डिजाइनिंग के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर बनाए गए इन परिधानों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया जाएगा।

संस्थान के संचालक विजय सिंह पाल ने बताया कि आईएएफटी में ड्रेस डिजाइनिंग के साथ आयात-निर्यात संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

संस्थान की निदेशक सोनम पाल ने कहा कि उत्तराखंड कुशल मानव संसाधन और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। उचित प्रशिक्षण और सरकारी सहयोग मिलने पर राज्य हस्तशिल्प एवं परिधान निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बताया कि संस्थान में आधुनिक मशीनों, डिजिटल सॉफ्टवेयर और सुसज्जित लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

टोक्यो में प्रदर्शनी के लिए परिधान तैयार करने वाली छात्राओं में काजल चंचल, ज्योति चौधरी, खुशबू भारद्वाज, वर्षा चौहान, करिश्मा, अपर्णा कश्यप और महिमा शामिल हैं। संस्थान ने उनके इस चयन को उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story