उत्तराखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम


देहरादून, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विकास भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में बताया गया कि देहरादून जिले के 1,907, हरिद्वार के 3,179 और बागेश्वर के 834 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। हरिद्वार और बागेश्वर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

मंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने तथा आयोजन में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न लेकर जनसेवा के महत्वपूर्ण अभियान के तौर पर आयोजित किया जाए। इसके माध्यम से महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।

आर्या ने बताया कि अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों का उत्साहवर्धन होगा और अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ बच्चों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला परियोजना अधिकारी मीना बिष्ट समेत विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story