बनास में शिविर, 55 दिव्यांगों को मौके पर प्रमाण पत्र

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 22 सितंबर (हि.स.)। तहसील चाकीसैंण के राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास में मंगलवार को आधार और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए 81 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें जांच के बाद 55 पात्र लोगों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। 26 लोग पात्र नहीं पाए गए, जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवश्यक दवाएं दी गईं।

आधार संबंधी सेवाओं के लिए भी 22 लोगों ने पंजीकरण कराया और सभी के प्रमाण पत्र संबंधी कार्य मौके पर ही पूरे किए गए। यह सुविधा सितंबर के प्रथम मंगलवार को मजरा महादेव में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर उपलब्ध कराई गई।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण और राजस्व विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से सेवाएं दीं। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story