हरिद्वार में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सेनानी परिवारों का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सेनानी परिवारों का हुआ सम्मान


हरिद्वार, 15 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर रोशनाबाद में ध्वजारोहण से पूर्व ‘वंदे मातरम’ और बाद में ‘राष्ट्रगान’ से परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी, अर्जुन सिंह राणा, ज्वालापुर के वीरेन्द्र कुमार गहलौत और बहादराबाद के अशोक गहलोत को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जिनके कारण आज हम आजादी का पर्व मना रहे हैं,उनके वंशजों का सम्मान करके गौरव की अनुभूति होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन परिवारों का कोई भी काम करें तो स्वयं को सौभाग्यशाली मानें। इनका सम्मान ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने जिलाधिकारी के प्रयासों के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से शुरू हुआ संगठन पिछले 3 वर्षों से 23 प्रांतों में हर महीने प्रथम रविवार को ‘दस बजे दस मिनट शहीदों के नाम’ अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी को हर महीने शहीद जगदीश वत्स पार्क, पुल जटवाड़ा में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।

ज्वालापुर स्थित शहीद जगदीश वत्स पार्क में स्वतंत्रता सेनानी श्री भारत भूषण विद्यालंकार ने ध्वजारोहण किया और शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा ने ध्वजारोहण कर सेनानी परिवारों का सम्मान किया। कार्यक्रम में डॉ. वेद प्रकाश आर्य, आचार्य करुणेश मिश्र, पार्षद हरविंदर सिंह, कैलाश चंद्र वैष्णव, नरेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में सेनानी परिवार, गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story