हरिद्वार में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर ट्रिप, बिजली आपूर्ति बनाए रखने को आकस्मिक योजना तैयार

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर ट्रिप, बिजली आपूर्ति बनाए रखने को आकस्मिक योजना तैयार


देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार के सिडकुल स्थित 220/132/33 केवी उपसंस्थान में 80 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर के ट्रिप होने के बाद पिटकुल और यूपीसीएल ने विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए आकस्मिक योजना तैयार की है। गुरुवार शाम करीब 5:10 बजे ट्रांसफार्मर के ट्रिप होने की सूचना प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र, देहरादून को मिली, जिसके बाद तत्काल जांच और टेस्टिंग शुरू की गई।

यूपीसीएल की ओर से शुक्रवार को जारी वक्तव्य के अनुसार, बारिश के कारण टेस्टिंग कार्य में बीच-बीच में बाधा आई। संभावित स्थिति को देखते हुए पिटकुल एवं यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने रात 10 बजे देहरादून स्थित प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र में दोनों निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। हरिद्वार और रुड़की के परिचालन एवं परीक्षण से जुड़े अधिकारी भी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।

बैठक में ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में वैकल्पिक लाइनों के तत्काल निर्माण, उपलब्ध लाइनों के बेहतर उपयोग तथा क्षेत्र में मौजूद पारेषण एवं वितरण अवसंरचना का अधिकतम इस्तेमाल करने के विकल्पों पर चर्चा की गई।

आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सिडकुल उपसंस्थान में 40 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आवश्यक टीमों को सक्रिय करने तथा पारेषण और वितरण कार्यों के लिए जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को पिटकुल और यूपीसीएल के बीच बेहतर समन्वय के साथ एक टीम के रूप में काम करने का निर्देश दिया, ताकि संभावित संकट की स्थिति में उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो। उन्होंने 80 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर की आवश्यकता पड़ने पर उसकी स्थापना में लगने वाले समय को न्यूनतम करने के उपायों पर भी चर्चा की।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी आवश्यक कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। साथ ही संभावित संकट की स्थिति में उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story