शेरवुड कॉलेज में 14वीं ल्यूवेलिन क्विज व वाद-विवाद प्रतियोगिता शुरू

WhatsApp Channel Join Now
शेरवुड कॉलेज में 14वीं ल्यूवेलिन क्विज व वाद-विवाद प्रतियोगिता शुरू


नैनीताल, 11 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा नगरी नैनीताल के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज में शुक्रवार को 14वीं ल्यूवेलिन क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में देश के शीर्ष 10 विद्यालय प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रारंभिक चरण में सभी टीमों ने लिखित परीक्षा में प्रतिभाग किया, जिसके बाद छह टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। इनमें आरआईएमसी देहरादून, ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज लखनऊ, बिशप कॉटन स्कूल शिमला, वाइनबर्ग एलेन मसूरी, पाइनग्रोव स्कूल सोलन और मेजबान शेरवुड कॉलेज नैनीताल शामिल रहे।

शाम पांच बजे आयोजित फाइनल में टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। अंतिम चरण में शेरवुड कॉलेज और वाइनबर्ग एलेन मसूरी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें शेरवुड कॉलेज ने जीत दर्ज की। इस अवसर पर शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में अब वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story