प्लास्टिक कचरा जमा करने पर मिलेंगे प्रति इकाई दो रुपये, पालिका की नई पहल

WhatsApp Channel Join Now
प्लास्टिक कचरा जमा करने पर मिलेंगे प्रति इकाई दो रुपये, पालिका की नई पहल


नैनीताल, 08 जून (हि.स.)। नैनीताल नगर पालिका परिषद ने बढ़ते प्लास्टिक कचरे की समस्या से निपटने के लिए नई पहल शुरू की है। योजना के तहत खाली पानी की बोतलें, शीतल पेय के कैन व चिप्स के रैपर जमा करने पर प्रति इकाई दो रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इसके लिए माल रोड स्थित क्लासिक होटल के समीप तथा तल्लीताल डांठ क्षेत्र में दो कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित किए गये हैं, जहां प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक प्लास्टिक कचरा जमा किया जा सकेगा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि कचरा जमा करने वाले व्यक्तियों को क्यूआर कोड के माध्यम से तत्काल ऑनलाइन भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन सत्र के दौरान सार्वजनिक स्थलों, नालों और नैनी झील के आसपास बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्र हो जाता है, जो वर्षा के दौरान झील में पहुंचकर प्रदूषण बढ़ाता है।

योजना का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रोत्साहित करना तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि पालिका की टीमें घर-घर जाकर भी लोगों को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। नगर पालिका को उम्मीद है कि इस पहल से प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी तथा नैनी झील और आसपास के पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story