सैंतीस लाख के दाे साै मोबाइल बरामद, खोई उम्मीदों को फिर मिली मुस्कान

WhatsApp Channel Join Now
सैंतीस लाख के दाे साै मोबाइल बरामद, खोई उम्मीदों को फिर मिली मुस्कान


हल्द्वानी , 09 अप्रैल (हि.स.)। जनपद नैनीताल पुलिस ने नवरी से मार्च 2026 के बीच गुम हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। करीब 37.48 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइल फोन की बरामदगी से 2 साै लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत मोबाइल ऐप सेल और साइबर सेल की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस को मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदगी की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए।बरामद मोबाइल में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, वन प्लस, रियलमी, रेडमी समेत कई नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं।

पुलिस टीम ने आईएमईआई नंबर के आधार पर इन फोनों को ट्रेस कर बरामद किया और सत्यापन के बाद संबंधित स्वामियों को सौंप दिया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सफलता में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे तकनीक के सहारे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story