केदारनाथ में दो एयर गन व चापड़ मिलने से सनसनी
गुप्तकाशी, 07 मई (हि.स.)। केदारनाथ धाम में स्थित एक टैंट में सफाई के दौरान एयर गन और चापड़ मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से हथियारों को जब्त करके सोनप्रयाग थाने में जमा कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक केदारनाथ में बुधवार देर शाम को एक टैंट में सफाई के दौरान हथियार मिले। इसमें दो एयर राइफल और एक चापड़ा दो बैगों में सुरक्षित रखे गए थे। चौकी इंचार्ज केदारनाथ कुलदीप पंत ने बताया कि रायबरेली से सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान प्रदीप केदारनाथ यात्रा पर आए थे। वे मानसिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने बताया कि खेतों में नुकसान देय पक्षियों को मारने में प्रयुक्त ये एयर गन और नारियल काटने वाला चापड भी साथ लाए थे।
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी से दूरभाष पर बात हुई है, उनका कहना है कि यात्रा के दौरान वे हरिद्वार से वापस आ गए थे, लेकिन मानसिक रूप से कमजोर उनके पति केदारनाथ की यात्रा के लिए निकल गए। चौकी इंचार्ज केदारनाथ कुलदीप पंत ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रदीप के परिजनों को केदारनाथ बुलाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

