मृतक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मृतक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार


नैनीताल, 06 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृत एम व्यक्ति के वाहन से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी बरामद कर ली है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली रोड हल्द्वानी निवासी गोपाल सिंह बिष्ट ने गत 3 मार्च को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 28 फरवरी को उनके मृतक पुत्र के वाहन से अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली थी। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305बी के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया।

घटना के खुलासे के लिए हल्द्वानी के एसपी मनोज कुमार कत्याल, सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 मार्च को गौजाजाली निवासी उवेश उर्फ मुन्ना पुत्र साहिद मलिक और इन्द्रानगर निवासी सैफ अली पुत्र खुर्शीद अहमद को चोरी के

सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 315 और 3(5) की वृद्धि की गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवींद्र राणा, आरक्षी अनिल जौहरी और दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story