अंबेडकर जयंती-बैसाखी के अवकाश पर कैंची धाम के लिए यातायात डायवर्जन योजना लागू

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 13 अप्रैल (हि.स.)। मंगलवार 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती एवं बैसाखी के अवकाश के अवसर पर कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष डायवर्जन योजना लागू की गई है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को अल्मोड़ा एवं रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब व खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा के वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति होगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है या वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा के माध्यम से दर्शन के लिए भेजा जाएगा।

वहीं, गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा द्वारा कैंची धाम भेजा जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा निर्धारित निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story