सरिताताल झील में गिरी पर्यटकों की कार

WhatsApp Channel Join Now
सरिताताल झील में गिरी पर्यटकों की कार


नैनीताल, 16 जून (हि.स.)। नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों की एक कार निकटवर्ती सरिताताल झील में अनियंत्रित होकर गिर गयी। दुर्घटना के समय कार में चार पर्यटक सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सरिताताल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे झील में जा समाई। बताया जा रहा है कि वाहन की गति तेज होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका। कार के झील में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल सहायता के लिए पहुंच गए।

स्थानीय व्यवसायी अभय बवाड़ी ने बताया कि दुर्घटना के बाद दो पर्यटक स्वयं बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य वाहन में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान चलाते हुए कड़ी प्रयासों के बाद दोनों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ी दुर्घटना टल गयी और सभी पर्यटक सुरक्षित बच गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story