पर्यटन स्वरोजगार योजना से लगभग एक करोड़ का ऋण लेकर आत्मनिर्भर बने प्रशांत

WhatsApp Channel Join Now
पर्यटन स्वरोजगार योजना से लगभग एक करोड़ का ऋण लेकर आत्मनिर्भर बने प्रशांत


नैनीताल, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में पर्यटन के प्रसार के लिये संचालित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना युवाओं को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोड़ने में प्रभावी साबित हो रही है। हल्द्वानी के ऊंचापुल निवासी प्रशांत बडसीलिया ने योजना के तहत लगभग 99.32 लाख रुपये की परियोजना से होटल शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

प्रशांत के अनुसार उन्हें योजना से मिले सहयोग से होटल व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला और अब नियमित आय के साथ उनका कारोबार भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रवेश द्वार होने के कारण हल्द्वानी में होटल व्यवसाय की अच्छी संभावनाएं हैं, जिसका लाभ उनके प्रतिष्ठान को भी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य पर्यटन संसाधनों को स्थानीय युवाओं की आजीविका से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। प्रशांत की सफलता को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरक उदाहरण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story