संस्कृति विभाग में कर्मचारियों की कमी जल्द होगी दूर : नौडियाल

WhatsApp Channel Join Now
संस्कृति विभाग में कर्मचारियों की कमी जल्द होगी दूर : नौडियाल


पौड़ी गढ़वाल, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृति विभाग के सदस्य राकेश नौडियाल ने संस्कृति विभाग के जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विभाग में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।

राकेश नौडियाल ने कहा कि सीमित कर्मचारियों के कारण विभागीय गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या को शासन स्तर पर उठाकर आवश्यक पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बन सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभाग की प्रबंधक सरिता सिंह से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन केवल नगर क्षेत्र तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जनपद के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उनका कहना था कि इससे स्थानीय लोक संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सकेगी।

राकेश नौडियाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और लोक संस्कृति के संरक्षण को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया, जिनके समाधान का उन्होंने भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story