टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्रों के लिए टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा फिर बंद
नई टिहरी, 01 सितंबर (हि.स.)। टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर विधानसभा के रैका, धारमंडल, ढुंग-मंदार आदि क्षेत्रों के आवागमन के लिए संचालित टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बंद हो गई है। अनुबंध पूरा होने के बाद सिडकुल के अधीन वाली कंपनी ने सेवा बंद कर दी है। जिससे हजारों लोगों को कठिनाइयां उठानी पड़ेगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि टिहरी बांध के कारण सरकार को करोड़ों का राजस्व मिल रहा है। ऐसे में रोपवे सेवा को नियमित संचालित किया जाए।
दरअसल सिडकुल की ओर से टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्र मदननेगी, धारमंडल, रैका, ढुंग-मंदार सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए टिपरी-मदननेगी रोपवे का संचालन 2012 से किया जा रहा है। पूर्व में सितम्बर 2025 में इसका अनुबंध खत्म हो गया था। लेकिन विधायक विक्रम नेगी और डीएम नितिका खंडेलवाल के पहले 6 माह और फिर 31 अगस्त तक इसके संचालन के निर्देश दिए।
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने बताया कि सोमवार शाम को सिडकुल के अधीन बीएम एंटरप्राइजेज ने रोपवे सेवा बंद कर दी है। संचालक योगेश डोभाल ने सिडकुल और डीएम टिहरी को पत्र भेजकर इस रोपवे का संचालन पर्यटन विभाग अथवा अन्य एजेंसी से कराने की बात कही है। वहीं डीएम नितिका खंडेलवाल का कहना है कि इस रोपवे को सिडकुल चलाता है। 31 अगस्त तक सेवा के संचालन का विस्तार किया गया था। अब इसके लिए नया टेंडर किया जा रहा है। उम्मीद है कि सिडकुल जल्द ही इस पर कार्रवाई करेगा। इस बाबत शासन और सिडकुल को पत्र भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

