नैना पीक की ट्रैकिंग के लिए अब सभी तीन रास्तों पर होगी टिकट व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
नैना पीक की ट्रैकिंग के लिए अब सभी तीन रास्तों पर होगी टिकट व्यवस्था


नैनीताल, 16 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल की सबसे ऊंची-समुद्र तल से लगभग 2,611 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नैना पीक की लगभग साढ़े तीन किलोमीटर की पैदल ट्रैकिंग के लिए जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा तथा आवाजाही का रिकॉर्ड रखने के लिए वन विभाग आगामी दिसम्बर माह से नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है।

इसके तहत नैना पीक तक पहुंचने वाले तीनों मार्गों पर टिकट काउंटर बनाये जाएंगे। ट्रैकिंग के लिए दोपहर 3.30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी को भी ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं होगी।

वन विभाग के अनुसार वर्तमान में टांकी बैंड मार्ग पर ही टिकट लेकर प्रवेश की व्यवस्था है। जबकि राजकीय पॉलीटेक्निक और जुबली हॉल के पास से जाने वाले मार्ग से आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध नहीं हो पाता है। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद तीनों मार्गों से नैना पीक जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा। इससे किसी व्यक्ति के लापता होने या निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश में मदद मिलने की भी उम्मीद की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अभी टांकी बैंड के मार्ग के प्रवेश द्वार पर वन विभाग नैना पीक जाने वाले देशी पर्यटकों से 50 और विदेशी पर्यटकों से 100 रुपये वसूलता है। इसके अतिरिक्त पर्यटकों की अनावश्यक प्लास्टिक सामग्री वहीं रोक ली जाती है और साथ ले जायी जाने वाली सामग्री के लिये भी शुल्क वसूला जाता है, और वापस लाने पर वह शुल्क लौटा दिया जाता है।

इस तरह मार्ग पर बिखेरी जाने वाली गंदगी को भी रोका जाता है। साथ ही प्रवेश शुल्क से प्राप्त धनराशि से मार्ग पर सफाई एवं कर्मचारियों से संबंधित व्यवस्थाओं का निर्वाह किया जाता है। प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि अब यही व्यवस्था तीनों मार्गों पर लागू किये जाने की तैयारी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गत 6 नवंबर को बिहार निवासी ग्राफिक इरा पर्वतीय विवि भीमताल का 19 वर्षीय छात्र अर्णव कुमार सिंह अपने दो अन्य साथ नैना पीक क्षेत्र में जाने के बाद से लापता है। पुलिस, वन विभाग एवं एसडीआरएफ की टीमें तभी से ड्रोन एवं खोजी कुत्तों के साथ ही मानवीय तरीके से क्षेत्र की एक-एक पैदल बटिया सहित पूरे जंगल को पिछले 10 दिनों में छान चुकी हैं, लेकिन अर्णव का कोई पता नहीं चला है। नगर में लगे 30 से अधिक सीसीटीवी की जांच में भी वह कहीं नजर नहीं आया है और पहेली बना हुआ है।

अब वन विभाग की तीनों मार्गों पर टिकट की व्यवस्था को इस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि अर्णव व उसके साथ टिकट की व्यवस्था वाले टांकी बैंड के मार्ग से ही नैना पीक गये थे।

वन विभाग के अनुसार टांकी बैंड मार्ग से प्रतिदिन 100 से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग ट्रैकिंग के लिए पहुंचते हैं। आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर तक नैना पीक पर 34,828 पर्यटक और अन्य लोग पहुंचे। इनमें 58 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। कई पर्यटक देर शाम और रात में भी ट्रैकिंग के लिए निकल जाते हैं, जिससे अंधेरे में फिसलने और गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। नयी कवायद से इन स्थितियों पर भी रोक लगाने की कोशिश की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story