होटल की खिड़की से गिरकर तीन वर्षीय बालक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
होटल की खिड़की से गिरकर तीन वर्षीय बालक गंभीर घायल


नैनीताल, 05 जुलाई (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल घूमने आए दिल्ली के एक पर्यटक परिवार का तीन वर्षीय बालक होटल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी विशाल सोनी अपने परिवार के साथ मल्लीताल स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय पुत्र गौरांग कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान खिड़की के बाहर बंदर दिखाई देने पर वह उसे भगाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह खिड़की से लगभग 20 फीट नीचे गिर गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल बालक को तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। घटना के बाद नगर में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर एक बार फिर चिंता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन और बरसात के दौरान होटल संचालकों एवं अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story