भीमताल से तीन नाबालिग बच्चे तीन दिन से गायब, तलाश में जुटी पुलिस की तीन टीमें

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 17 नवंबर (हि.स.)। भीमताल नगर के मल्लीताल गोरखपुर क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चों के तीन दिनों से लापता होने से परिजनों में चिंता बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को घर से बाल कटवाने जाने की बात कहकर निकले तीनों बच्चे देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

लापता बच्चों की पहचान मल्लीताल गोरखपुर निवासी कार्तिक थापा, धैर्य थापा और आयुष थापा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार तीनों रविवार को घर से बाल कटवाने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों को मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम लगभग चार से पांच बजे के बीच तीनों बच्चों को हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में देखा गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस हल्द्वानी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ही संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को तीनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले अथवा वे कहीं दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल बरामद किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story