उत्तरकाशी में तीन स्थानों पर जल्द खुलेगी डीसीबी की तीन शाखाएं

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरकाशी में तीन स्थानों पर जल्द खुलेगी डीसीबी की तीन शाखाएं


उत्तरकाशी, 24 सितंबर (हि.स.)। जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी की ओर से गुरूवार को प्रबन्धन समिति की पहली बैठक लेती जिलाध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक बैंक का शुद्ध लाभार्जन 20.00 करोड़ तक बढाये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए सभी शाखा प्रबन्धकों को आवंटित निक्षेप एवं ऋण वितरण लक्ष्यों के सापेक्ष शत प्रतिशत पूर्ति करने निर्देश दिए गए है। उन्होंने बैठक में जिला सहायक निबन्धक उत्तरकाशी को भी निर्देशित किया कि गडूगाड़, खरसाड़ी समिति की तत्काल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरी कर समिति का पूर्व की भांति संचालन प्रारम्भ करें।

गुरूवार को जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने उत्तरकाशी पहुंचकर बैंक प्रबंधन समिति की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बैंक की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए कोटधार, कलोगी एवं सांकरी में बैंक की नई शाखाएं खोलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक को स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।

स्वीकृति मिलने के उपरान्त शीघ्र ही 03 नई शाखाएं खोली जायेगी। इसके साथ ही मातली, झाला के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। कहा कि बैंक ग्राहकों को आधुनिक, सुगम एवं त्वरित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उददेश्य से मोबाइल बैंकिंग सेवा लागू किये जाने हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।

शीघ्र ही बैंक में मोबाइल बैंकिंग सेवा लागू हो जायेगी।

बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, व्यावसायिक प्रगति, ऋण एवं जमा व्यवसाय, वसूली की स्थिति, शाखाओं के कार्यों तथा बैंकिंग गतिविधियों से सम्बन्धित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story