टिहरी में पंजीकृत 265 फर्म के पास उपलब्ध हैं 576 राफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी में पंजीकृत 265 फर्म के पास उपलब्ध हैं 576 राफ्ट


नई टिहरी, 12 अगस्त (हि.स.)। राफ्टिंग सीजन की तैयारियों व व्यवस्था को लेकर डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित संपन्न हुई। जिसमें समिति के अध्यक्ष, सदस्यों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और राफ्टिंग व्यवसायियों ने अपने सुझाव बताए।

बुधवार को जिला सभागार में हुई बैठक में आगामी राफ्टिंग सीजन के मध्यनजर राफ्टिंग संचालन से संबंधित नियमों, विनियमों के साथ-साथ पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि जिले में वर्तमान में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं। उनके पास कुल 576 राफ्ट उपलब्ध हैं। बैठक में गंगा नदी में राफ्टिंग के पुट-इन व पुल-आउट प्वाइंट कौड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी आदि स्थानों पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग व अन्य सुविधाओं के विकास एवं रख-रखाव पर चर्चा हुई।

खासकर सफाई व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया। गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय में वृद्धि के लिए प्रति पर्यटक लिए जाने वाले सुविधा शुल्क, वन विभाग द्वारा समिति से लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क पर भी चर्चा की गई। वहीं राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण को लेकर भी बातचीत कर सदस्यों एवं राफ्टिंग ऑपरेटरों ने विचार रखे। डीएम ने राफ्टिंग संचालकों से एकजुटता व समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि राफ्टिंग ऑपरेटरों के बीच यदि किसी प्रकार के मतभेद हैं, तो संवाद के माध्यम से समाधान करें। राफ्टिंग के लिए उचित व निर्धारित दरों को लेकर आपसी सहमति बनाए जाने पर जोर दिया गया। बैठक में साहसिक खेल अधिकारी सीमा नौटियाल, यूटीडीबी के वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट भूपेंद्र सिंह, समिति के सदस्य धर्मेंद्र नेगी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story