भूस्खलन की चपेट में आने से रंगकर्मी जहूर घायल

WhatsApp Channel Join Now
भूस्खलन की चपेट में आने से रंगकर्मी जहूर घायल


नैनीताल, 15 अगस्त (हि.स.)। नगर के मल्लीताल वेलवेडियर क्षेत्र में पैदल मार्ग के किनारे की एक दीवार गिरने से वहां से गुजर रहे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार सहित कई पुरस्कार प्राप्त और पूर्ववर्ती सरकार में दर्जा मंत्री रहे 71 वर्षीय रंगकर्मी जहूर आलय घायल हो गये हैं। उन्हें बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में उपचार के बाद हल्द्वानी के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि उनके उनके दांये पैर में दो फ्रैक्चर हुए हैं।

उनके पारिवारिक सदस्यों से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री आलम शुक्रवार देर शाम अपने प्रतिष्ठान को बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में वेलवेडियर कंपाउंड के पास एक दीवार में भूस्खलन हो गया और वह इसकी चपेट में आ गये। उल्लेखनीय है कि श्री आलम इस वर्ष अपनी स्थापना की स्वर्ण जयंती मना रही सुप्रसिद्ध रंगमंच संस्था युगमंच के संस्थापक हैं। इन दिनों युगमंच संस्था के स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित हो रहे नाटकों के मंचन के लिये सक्रिय थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story