कमंद गांव में गुलदार ने ग्रामीण को निवाला निवाला, अफसरों का किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
कमंद गांव में गुलदार ने ग्रामीण को निवाला निवाला, अफसरों का किया घेराव


पौड़ी गढ़वाल, 16 मई (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के कमंद गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को मार डाला। गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन विभाग व जिला प्रशासन के अफसरों का घेराव कर जमकर आक्रोश जताया।

ग्रामीणों ने घंटो तक शव नहीं उठाने दिया। काफी समझाने के बाद जिला प्रशासन ने शव उठाया। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द ही गुलदार को मारने की मांग की है। विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने भी मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बीती शुक्रवार की शाम को कमंद गांव के 58 वर्षीय मोहन चंद मवेशियों के लिए घास लेने के लिए गए थे लेकिन जब देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की।

बताया कि काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों को शव खेतों के पास झाडि़यों में मिला। घटना के बाद काफी देर बाद वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। शनिवार को भी ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने जमकर आक्रोश जताया। ग्रामीण मौके पर डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे लेकिन डीएम मौके पर नहीं आई। ग्रामीणों का कहना था कि कई घंटे बीतने के बाद भी डीएम मौके पर आने को तैयार नहीं है।

इस दौरान ग्रामीणों ने वन मंत्री, जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। इस मौके पर सुंदरलाल मुयाल, विनोद दनोसी, दीपक रावत, आस्कर रावत, प्रतीक बिष्ट, अर्जुन नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ही शूटर तैनात कर दिए गए है। गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story