गांव चलो बस्ती चलो अभियान के तहत हुए कई कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा पार्टी के स्थापना दिवस एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलाया गया ‘गांव चलो बस्ती चलो’ अभियान जनपद के सभी 14 मंडलों में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने बताया कि संगठन द्वारा चलाए गए।

इस अभियान के अंतर्गत बड़ी विधानसभा क्षेत्रों में 50-50 गांवों तथा छोटी विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 गांवों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के तहत सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठजनों का सम्मान एवं सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों से जनसंपर्क जैसे कार्य प्रमुख रूप से किए गए।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग मंडलों में इन कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न रूपों में किया गया। कहीं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया तो कहीं लाभार्थियों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी ली गई और वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। रविवार को सभी मंडलों में इन कार्यक्रमों का समापन कर दिया गया।

बताया कि अब संगठन द्वारा 20 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही 14 अप्रैल को जनपद के सभी मंडलों में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।

उन्होंने विभिन्न मोर्चों के माध्यम से कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा भविष्य में दिए जाने वाले दायित्वों को भी इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story