एनआईटी सुमाड़ी में हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दबोचे

WhatsApp Channel Join Now
एनआईटी सुमाड़ी में हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दबोचे


पौड़ी गढ़वाल, 29 अगस्त (हि.स.)। एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर हुड़दंग और शोर-शराबा करना 15 लोगों को भारी पड़ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची श्रीनगर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने भविष्य में सार्वजनिक शांति भंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त और चेकिंग के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिलेभर में पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है।

इसी अभियान के तहत बीती शुक्रवार की रात को प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में काम करने वाले कुछ मजदूर सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबा कर हुड़दंग मचा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर भी वहां मौजूद लोग अनावश्यक रूप से शोर-शराबा और अमर्यादित व्यवहार करते मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 15 लोगों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा हुड़दंग करने की कोशिश दोबारा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार रवि कुमार, प्रदीप कुमार, अक्षय कुमार, मिथलेश कुमार, अजीत कुमार, संजय कुमार, शेखर कुमार, विजेन्द्र कुमार, पंचम कुमार, रेशलाल मंडल, मनीश कुमार, दीपेन्द्र सिंह, सुमन, प्रशांत कुमार और सूरज के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक ये सभी एनआईटी सुमाड़ी में काम करने वाले मजदूर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story