नवांकुर थिएटर फेस्टिवल में डाकघर का किया प्रभावशाली मंचन
पौड़ी गढ़वाल, 07 जून (हि.स.)। नवांकुर थिएटर फेस्टिवल में राजस्थान की प्रतिष्ठित रंग संस्था कम्युनिटी थिएटर टोंक सोसाइटी की टीम ने विश्वविख्यात साहित्यकार रवीन्द्रनाथ ठाकुर के प्रसिद्ध नाटक डाकघर का सफल एवं प्रभावशाली मंचन किया।
नाटक ने अपनी संवेदनशील प्रस्तुति, सशक्त अभिनय और प्रभावी संगीत के माध्यम से दर्शकों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया। नाटक डाकघर मानव संवेदनाओं, स्वतंत्रता की आकांक्षा और जीवन के प्रति आशा का संदेश देने वाला कालजयी नाटक है। कम्युनिटी थिएटर टोंक सोसाइटी की इस प्रस्तुति को दर्शकों एवं रंगकर्मियों द्वारा सराहा गया और कलाकारों के अभिनय और मंचीय प्रस्तुति की प्रशंसा की गई। फेस्टिवल में इस मंचन ने राजस्थान के रंगकर्म की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।
नाटक में अमल की मुख्य भूमिका आशीष चावला ने निभाई। चौधरी एवं कोरस की भूमिका में आफताब नूर, दादा एवं कोरस की भूमिका में करण कुमार, वैद्य की भूमिका में रामरतन गुगलिया, फूफा के रूप में मणिकांत लक्षकार, दोस्त एवं कोरस की भूमिका में शुभम मेघवंशी, दही वाला एवं कोरस की भूमिका में अदनान खान और सुधा एवं कोरस की भूमिका में विजयलक्ष्मी तसेरा ने अपने अभिनय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
चौकीदार एवं कोरस की भूमिका आशीष धाप ने निभाई। नाटक की प्रकाश व्यवस्था का दायित्व यश स्वराज ने संभाला, जबकि संगीत संयोजन एवं नाटक का निर्देशन चितरंजन नामा द्वारा किया गया। निर्देशन, संगीत और कलाकारों के समन्वय ने प्रस्तुति को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

