टेका मार्ग पर पौधरोपण के साथ चलाया गया स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
टेका मार्ग पर पौधरोपण के साथ चलाया गया स्वच्छता अभियान


पौड़ी गढ़वाल, 05 जून (हि.स.)।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में वन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर पौधरोपण, स्वच्छता एवं जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद मुख्यालय से लेकर तहसीलों एवं विकासखंडों तक विभिन्न विभागों, वन पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण मित्रों व आमजन की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

टेका मार्ग स्थित वन पंचायत केवर्स में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव तथा अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित गतिविधि नहीं, बल्कि यह हम सभी की सतत जिम्मेदारी है। पौधरोपण तभी सार्थक माना जाएगा जब लगाए गए पौधों की सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित निगरानी की जाए तथा उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी विभागों एवं आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गयी है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में योगदान दे।

कार्यक्रम के दौरान टेका मार्ग क्षेत्र में वन विभाग द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित विभागों के कार्मिकों ने सड़क किनारे एवं आसपास फैले कूड़े-कचरे का संग्रहण कर स्वच्छता का संदेश दिया। एकत्रित कचरे को नगर पालिका के वाहन के माध्यम से उचित निस्तारण हेतु भेजा गया। डीएफओ गढ़वाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के उचित निस्तारण के प्रति जागरुक रहने की अपील की।

उधर गढ़वाल वन प्रभाग की ओर से जज कोर्ट परिसर के समीप भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान हरित आवरण बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में भी पौधरोपण एवं जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story