25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ यात्रा की तैयारियां, डीएम ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ यात्रा की तैयारियां, डीएम ने दिए निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 23 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी संबंधित विभागों, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि 25 जुलाई तक यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को सात जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करें और किसी भी कमी को तत्काल दूर कराएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने भीड़ वाले स्थानों पर स्थायी पिंक टॉयलेट, पर्याप्त पेयजल और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर पेयजल कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि विद्युत और सोलर आधारित करीब 450 लाइटें चालू कर दी गई हैं।

बैठक में जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की विशेष समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग और सेवा स्थलों पर निर्धारित शुल्क की सूची प्रदर्शित करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस के समन्वय से पर्याप्त बैरिकेडिंग करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडुड़ी, एसडीएम चतर सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story