लोक संस्कृति, कला और युवा प्रतिभाओं का संगम बना जनपद स्तरीय युवा महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी एवं जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।

महोत्सव में जनपद के सभी 15 विकासखंडों के युवा लोक संस्कृति, कला और रचनात्मकता से जुड़ी सात विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस दौरान लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी एवं नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड पोखड़ा के दल द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए सार्थक मंच प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रोत्साहित कर रही है। युवाओं को रोजगार पाने के साथ ही रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी प्रयास करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए पौड़ी जनपद को आदर्श जनपद बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा महोत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पहाड़ के युवा कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ते हैं और उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी कला और कौशल को सामने लाने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और कला का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराता है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति भी प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व ही देश को सशक्त बनाने का आधार है और युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। महिला मंगल दलों में विकासखंड पौड़ी के मासौं दल ने प्रथम, थलीसैंण विकासखंड के ग्वारी दल ने द्वितीय तथा यमकेश्वर विकासखंड के ताछला दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं युवक मंगल दलों में यमकेश्वर विकासखंड के नाद मल्ला दल ने प्रथम, पौड़ी विकासखंड के बड़गांव मल्ला दल ने द्वितीय तथा यमकेश्वर विकासखंड के बिथ्याणी दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story