पुरानी पेंशन और टीईटी के विरोध में शिक्षकों का उपवास, 13 सितंबर को सीएम आवास घेरने का एलान

WhatsApp Channel Join Now
पुरानी पेंशन और टीईटी के विरोध में शिक्षकों का उपवास, 13 सितंबर को सीएम आवास घेरने का एलान


पौड़ी गढ़वाल, 09 अगस्त (हि.स.)। पुरानी पेंशन बहाली और पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की जनपद इकाई ने रविवार को रामलीला मैदान में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। आंदोलनकारियों ने सरकार पर शिक्षकों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।

आंदोलन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आईटीई से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने से शिक्षक परेशान हैं। इसे उन्होंने शिक्षकों के हितों के खिलाफ बताया।

पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अनूप जदली, जिलामंत्री अरविंद निराला, जिला प्रवक्ता सुबोध ध्यानी, नितेशचंद्र सैलवाल, प्रवीण, संतोष गुसांई, डा. महावीर बिष्ट, अजय बिष्ट, विपिन मलासी, भीम सिंह, भूपेंद्र सिंह, अनूप रावत, सरिता रावत और बलदेव भंडारी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story