जनता दर्शन से गायब रहने पर दो अधिकारियों का रोका वेतन

WhatsApp Channel Join Now
जनता दर्शन से गायब रहने पर दो अधिकारियों का रोका वेतन


पौड़ी गढ़वाल, 02 नवंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बीस सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने ग्राम रैदुल में जल जीवन मिशन के तहत निजी भूमि पर टैंक निर्माण के बावजूद मुआवजा न मिलने तथा गौशाला में आपदा से हुए भूस्खलन का मुआवजा लंबित होने की शिकायत पर तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं की बीमार गाय के उपचार संबंधी शिकायत पर पशु चिकित्सा विभाग को तत्काल चिकित्सक भेजकर उपचार कराने तथा मांग के अनुसार चारा एवं उच्च गुणवत्ता का सीमन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट को तहसीलदार के माध्यम से स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए। कल्जीखाल बाजार में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी द्वारा आवारा पशुओं एवं सड़क पर मलबा आने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जनता दर्शन में ग्राम निधियों, वन भूमि हस्तांतरण, छात्रवृत्ति, क्षतिग्रस्त पुश्ते एवं सोलर लाइट से जुड़े मामलों के साथ पेयजल आपूर्ति, वाल्वमैन के मानदेय और किसान सम्मान निधि के प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कोटी, विकासखंड खिर्सू की प्रधान करिश्मा देवी द्वारा पेयजल समस्या के संबंध में दर्ज शिकायत का समाधान कर दिया गया है। जल संस्थान ने संबंधित पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित गांवों में जलापूर्ति सुचारू कर दी है।

समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के पूर्व उपाध्यक्ष मातवर सिंह नेगी द्वारा कण्डोलिया थीम पार्क में वर्षा जल निकासी के संबंध में दर्ज शिकायत का भी निस्तारण कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने विभागीय आवासीय भवनों के मध्य स्थित नाली के माध्यम से वर्षा जल निकासी की व्यवस्था पूरी कर दी है।

राजकीय इंटर कॉलेज, दोमटखाल की विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष द्वारा सड़क संबंधी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त स्कपरों का निर्माण एवं मरम्मत कराते हुए मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। मार्ग के डामरीकरण एवं पक्कीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है। ग्राम सिरसू, पोस्ट फतेहपुर, दुगड्डा निवासी त्रिलोक सिंह पुत्र माधो सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना संबंधी शिकायत पर कृषि विभाग ने तत्काल संपर्क कर उनकी ई-केवाईसी पूर्ण कराने की प्रक्रिया संपन्न कराई, जिससे शिकायत का समाधान हो गया है।

जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई व जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story