वनस्पति विज्ञान विभाग के मिशन ग्रीन के तहत राष्ट्रीय पर्यावरण संस्थान के निदेशक ने किया पौधरोपण
नैनीताल, 12 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग के ‘मिशन ग्रीन’ अभियान में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय पर्यावरण संस्थान कोसी कटारमल के निदेशक, शिक्षाविद एवं शोधार्थी डॉ. इंद्र दत्त भट्ट ने पौधरोपण किया। उन्होंने देवदार, पद्म, बुरांश, बांज, जिंगो बाइलोबा और बेड़ू के पौधे रोपे।
डॉ. भट्ट ने कहा कि हरित धरती सकारात्मकता का प्रतीक है और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में हरित आवरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि मिशन ग्रीन जीवन के सकारात्मक पक्ष और उसकी व्यापकता को दर्शाता है, इसलिए पौधारोपण करना प्रत्येक व्यक्ति का मानवीय कर्तव्य है।
पौधे रेंज ऑफिसर आनंद लाल आर्य द्वारा उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर डॉ. भट्ट को शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी संजीद, वानिकी विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष तिवारी, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. नवीन पांडे, मोहित, लीला, विशाल, शीतल कोरंगा, भावना पांडे और डॉ.शिवराज कपकोटी सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

