पौड़ी में यूएसएफ आयोजित करेगा हाफ मैराथन
पौड़ी गढ़वाल, 07 मई (हि.स.)। उत्तराखंड स्पोर्ट्स फाउंडेशन (यूएसएफ) पौड़ी में हाफ मैराथन का आयोजन करेगा। इस पहल का मकसद प्रदेश में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मैराथन को लेकर फाउंडेशन ने तैयारी शुरू कर दी है।
मैराथन घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से सर्किट हाउस तक आयोजित होगी। फाउंडेशन के महाचिव विकास पुन्डोरा ने बताया कि य ओपन वर्ग में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन नि:शुल्क रखा गया है।
बताया कि पहले 300 पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी, जबकि सभी फिनिशर्स को मेंडल दिए जाएंगे। मैराथन में 2 लाख 40 हजार पुरस्कार राशि भी रखी गई है, जो उत्तराखंड मूल के प्रतिभागियों को ही दी जाएगी। 21 किलोमीटर दौड़ केवल पुरुष वर्ग के लिए आयोजित होगी। इसमें पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 51 हजार दूसरे स्थान पर आने पर 21 हजार व तीसरे स्थान पर 11 हजार का इनाम दिया जाएगा। 10 किलोमीटर दौड़ में पुरुष व महिला दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए है। पहले स्थान पर 21 हजार , दूसरे स्थान पर 11 हजार और तीसरे स्थान पर 51 सौ पुरस्कार राशि दी जाएगी।
5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता केवल भागीदारी के लिए आयोजित होगी। इसमें किसी तरह पुरस्कार राशि नहीं रखी गई है। फाउंडेशन के महासचिव ने बताया कि अब तक करीब दो सौ आवेदन आ चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी फाउंडेशन की साइड पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

