टीएचडीसी करेगा डाेबरा के प्राथमिक स्थास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रतापनगर विधानसभा के डोबरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनने की उम्मीद जगी है। टीएचडीसी भवन का निर्माण जल्द शुरू करेगी। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने टीएचडीसी के टीएचडीसी सीएसआर के वरिष्ठ प्रबंधक नरेंद्र सिंह मखलोगा, सामाजिक अधिकारी कुंवर सिंह पंवार सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के साथ डोबरा के स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।

वर्ष 2016 में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोबरा लंबे समय तक किराए के भवन में संचालित हुआ। वर्तमान में डोबरा पुल की निर्माण कंपनी के एक जर्जर टीन शेड में स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है। जगह के अभाव में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वीरवार को निरीक्षण के दौरान विधायक नेगी ने टीएचडीसी के अधिकारियों से भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा। टीएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक मखलोगा ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने पर सहमति जताई। विधायक ने कहा कि भवन निर्माण के साथ स्वास्थ्य केंद्र की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य फार्मेसी अधिकारी गंभीर नेगी, बीडीसी सदस्य नरेंद्र रावत, कुंवर सिंह तड़ियाल, सत्ये सिंह राणा, विक्रम राणा, सुंदर लाल थपलियाल, जसवंत बिष्ट, वीरेंद्र नेगी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story