डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था के लिए निविदा की मांग, सभासदों ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। नगर पालिका परिषद नैनीताल में डोर-टू-डोर यानी घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को पुनः प्रभावी बनाने की मांग को लेकर विभिन्न वार्डों के सभासदों एवं जनप्रतिनिधियों ने अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में जनहित को देखते हुए शीघ्र निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में नगर पालिका क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा निस्तारण करने की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों से नियमित कूड़ा न उठने के कारण कई स्थानों पर खुले में कूड़ा फैल रहा है और शहर में गंदगी बढ़ने लगी है। ज्ञापन में कार्यहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए शीघ्र निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया है।

ज्ञापन मेवं विभिन्न वार्डों के सभासदों एवं प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें मनोज साह जगाती, मुकेश जोशी, गीता उप्रेती, जितेंद्र पांडे, अंकित चंद्रा, राकेश पवार, सपना बिष्ट, गजाला कमाल, सुरेंद्र कुमार, ललिता दफौटी, शीतल कटियार, काजल आर्या व रमेश प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story